विधवा महिला के घर नकबजनी का सनसनीखेज खुलासा, सितारगंज पुलिस ने 10 घंटे में 7 शातिर चोर दबोचे, सोना-चांदी, अनाज व नकदी बरामद।
29 जनवरी, 2026
Edit
सितारगंज:(चरनसिंह सरारी) कोतवाली सितारगंज पुलिस ने तेज़, सटीक और प्रभावी कार्रवाई करते हुए विधवा महिला के घर हुई बड़ी नकबजनी की घटना का मात्र 10 घंटे में सनसनीखेज खुलासा कर दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के कड़े निर्देशों पर पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी के निकट पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में गठित विशेष टीमों ने सीसीटीवी फुटेज, मैनुअल सर्विलांस और मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए चोरी की इस वारदात में शामिल सात शातिर अभियुक्तों को दबोच लिया। मामला ग्राम साधुनगर निवासी जयन्ती राणा से जुड़ा है, जो विधवा महिला है और अपनी छोटी बेटी के साथ मेहनत-मजदूरी कर जीवन यापन करती है। 22 दिसंबर 2025 को ससुराल से लौटने पर उनके घर का ताला टूटा मिला और घर से सोना-चांदी के जेवरात, पीतल-तांबे-कांसे के बर्तन तथा बड़ी मात्रा में अनाज—लगभग 6 कुंतल गेहूं, 2 कुंतल चावल और धान—गायब पाया गया। शिकायत के आधार पर कोतवाली सितारगंज में एफआईआर दर्ज होते ही पुलिस हरकत में आई और रातों-रात कार्रवाई कर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का सोना-चांदी, अनाज और ₹10,000 नकद बरामद किया।पुलिस पूछताछ में अभियुक्तों ने अपने नाम 25 वर्षीय सुरजीत सिंह पुत्र विजय सिंह, 27 वर्षीय सचिन पुत्र रमेश सिंह,28 वर्षीय सत्यम सिंह पुत्र बलबीर सिंह,30 वर्षीय विष्णु पुत्र रामनरेश सिंह,28 वर्षीय विकास पुत्र राकेश सिंह,23 वर्षीय ललित सिंह पुत्र छोटे लाल निवासीगण साधुनगर थाना सितारगंज तथा 28 वर्षीय चंदन पुत्र विरेन्द्र सिंह निवासी बिजराटा थाना सितारगंज जिला उधमसिंहनगर बताया तथा नशे की लत के चलते चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित चोरी की विभिन्न धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस त्वरित खुलासे से क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता और कानून-व्यवस्था को लेकर आमजन में भरोसा और मजबूत हुआ है।