सिसौना में ‘धूल-धमाका और रफ्तार का कहर’! स्टोन क्रैशर, ओवरलोडिंग व ओवरस्पीड से छात्रों की जान पर बन आई; कार्रवाई न हुई तो छात्र संघ का बड़ा आंदोलन।
20 फ़रवरी, 2026
Edit
सितारगंज:(चरनसिंह सरारी) सितारगंज के ग्राम सिसौना में स्थित महाविद्यालय और आसपास का इलाका इन दिनों स्टोन क्रैशर से उड़ती धूल, ओवरलोडिंग ट्रकों और बेलगाम रफ्तार से दौड़ते वाहनों के चलते भय और प्रदूषण की चपेट में है। छात्र संघ अध्यक्ष राजविंदर कौर के नेतृत्व में छात्र संघ के छात्रों ने उपजिलाधिकारी व तहसीलदार को ज्ञापन सौंपते हुए आरोप लगाया कि क्रैशर से निकलने वाली धूल-मिट्टी से छात्र-छात्राओं, स्थानीय नागरिकों व राहगीरों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ रहा है, जबकि महाविद्यालय के ठीक सामने से गुजरने वाले भारी वाहन और सिडकुल क्षेत्र की कंपनी बसें तेज गति से संचालित हो रही हैं, जिससे हर दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। छात्रों ने मांग की है कि ओवरलोड और ओवरस्पीड वाहनों के खिलाफ तत्काल विशेष अभियान चलाकर सख्त चालान किए जाएं, कॉलेज क्षेत्र में नियमित पुलिस तैनाती की जाए, सिडकुल प्रबंधन और बस संचालकों को बुलाकर निर्धारित गति सीमा का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए तथा स्टोन क्रैशर मालिकों की बैठक बुलाकर धूल नियंत्रण के लिए नियमित पानी का छिड़काव और अन्य प्रभावी उपाय अनिवार्य किए जाएं। ज्ञापन में यह भी चेतावनी दी गई है कि यदि प्रशासन ने शीघ्र ठोस कदम नहीं उठाए तो छात्र संघ व्यापक धरना-प्रदर्शन और आंदोलन करने को बाध्य होगा, जिसकी पूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।ज्ञापन देने वाले छात्र नेताओं में छात्र संघ अध्यक्ष राजविंदर कौर, पूर्व छात्र संघ कोषाध्यक्ष तुषार शर्मा, बिट्टू सिंह, रविंदर उर्फ़ बेंद्रे, साजिद,अर्श आदि छात्र मौजूद रहे।