गदरपुर में ‘मेडिकल’ की आड़ में मौत का कारोबार बेनकाब, एसटीएफ की 2026 की सबसे बड़ी कार्रवाई, हजारों नशीली गोलियां–कैप्सूल व कोडीन सिरप बरामद, संचालक गिरफ्तार।
04 मार्च, 2026
Edit
गदरपुर/रुद्रपुर:(चरनसिंह सरारी) उधमसिंहनगर के गदरपुर में नशे के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए स्पेशल टास्क फोर्स उत्तराखण्ड (एसटीएफ), गदरपुर थाना पुलिस और ड्रग विभाग की संयुक्त टीम ने प्रतिष्ठित कुमार मेडिकल हॉल पर छापा मारकर नशीली दवाओं के विशाल जखीरे का भंडाफोड़ कर दिया। निरीक्षक विकास चौधरी के नेतृत्व में की गई इस सुनियोजित कार्रवाई में 9,416 नशीले कैप्सूल, 1,300 प्रतिबंधित टैबलेट और 51 कोडीन युक्त कफ सिरप की बोतलें बरामद की गईं। अधिकारियों के अनुसार वर्ष 2026 में उत्तराखण्ड में अब तक नशीली दवाओं की यह सबसे बड़ी बरामदगी मानी जा रही है। मेडिकल स्टोर की आड़ में लंबे समय से चल रहे इस अवैध कारोबार का खुलासा होते ही इलाके में हड़कंप मच गया। मौके से दुकान स्वामी राजकुमार पुत्र बनवारी लाल निवासी वार्ड-1 गदरपुर को गिरफ्तार कर लिया गया है। बरामद दवाएं व्यावसायिक मात्रा में पाए जाने पर अभियुक्त के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की गहन जांच शुरू कर दी गई है। कार्रवाई में उप निरीक्षक विपिन चन्द्र जोशी, कृष्ण गोपाल मठपाल, एसआई नरेश चन्द्र पंत सहित एसटीएफ व ड्रग विभाग की पूरी टीम शामिल रही। इस सख्त कार्रवाई से साफ संदेश गया है कि उत्तराखण्ड में नशे का कारोबार करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।