टांडा जंगल में भीषण हादसा: स्कॉर्पियो की टक्कर से स्कूटी सवार तीन दोस्तों की मौत
उधम सिंह नगर में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने तीन युवकों की जान ले ली। रुद्रपुर-हल्द्वानी मार्ग पर टांडा जंगल के पास स्कूटी और स्कॉर्पियो के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई, जिसमें स्कूटी सवार तीनों दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई।
मिली जानकारी के मुताबिक, जसपुर निवासी 20 वर्षीय अनिकेत और हरिद्वार निवासी 22 वर्षीय रोहन सिडकुल स्थित अशोका लीलैंड कंपनी में कार्यरत थे। उनके साथ रामपुर (उत्तर प्रदेश) निवासी 24 वर्षीय आकाश भी था। शनिवार को तीनों दोस्त एक शादी समारोह में शामिल होने हल्द्वानी गए थे।
रात में रुद्रपुर लौटने के बाद उन्हें पता चला कि उनका एक मोबाइल हल्द्वानी में ही छूट गया है। इसी वजह से तीनों फिर से देर रात करीब 12 बजे स्कूटी से हल्द्वानी के लिए निकल पड़े।
बताया जा रहा है कि संजय नगर से करीब दो किलोमीटर आगे टांडा जंगल के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो से उनकी स्कूटी की सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि स्कॉर्पियो भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके एयरबैग खुल गए।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।