ऊधमसिंह नगर में आग का कहर: 21 एकड़ गेहूं की फसल राख, टेंट गोदाम भी खाक
ऊधमसिंह नगर में आग का कहर: 21 एकड़ गेहूं की फसल राख, टेंट गोदाम भी खाक
काशीपुर/जसपुर/दिनेशपुर (सतपाल सिंह सरारी)भीषण गर्मी के बीच ऊधमसिंह नगर जिले में आग की घटनाओं ने किसानों और स्थानीय लोगों को भारी नुकसान पहुंचाया है। अलग-अलग स्थानों पर लगी आग से करीब 21 एकड़ गेहूं की तैयार फसल जलकर नष्ट हो गई। इसके अलावा एक टेंट गोदाम और उसमें खड़ा वाहन भी आग की भेंट चढ़ गया।
जसपुर: फसल के साथ भूसा भी जला
जसपुर के हरियावाला गांव में शुक्रवार रात अज्ञात कारणों से लगी आग ने तेजी से फैलकर विकराल रूप ले लिया। किसान मुकेश गौतम और मो. खुर्शीद के खेतों में खड़ी 11 एकड़ गेहूं की फसल और 18 एकड़ भूसा जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया। तहसीलदार दलीप सिंह ने राजस्व टीम को नुकसान का आकलन करने के निर्देश दिए हैं। प्रारंभिक जांच में ऊर्जा निगम ने शॉर्ट सर्किट की संभावना से इनकार किया है।
काशीपुर: खेत और टेंट गोदाम दोनों प्रभावित
काशीपुर के गिन्नीखेड़ा अलीगंज रोड पर शनिवार दोपहर आग लगने से किसान सिखांतर सिंह और जसवीर कौर के आठ एकड़ गेहूं के खेत को नुकसान पहुंचा। फायर स्टेशन अधिकारी श्याम सिंह के नेतृत्व में पहुंची टीम ने समय रहते आग पर काबू पा लिया, जिससे आसपास के खेत सुरक्षित रहे।
वहीं सिविल कोर्ट रोड पर स्थित शाहिद अहमद के टेंट गोदाम में शुक्रवार देर रात भीषण आग लग गई। आग में टेंट का सामान और एक मैजिक वाहन (UK-06CA-2016) जलकर नष्ट हो गया। इस घटना में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
दिनेशपुर: देरी से पहुंची दमकल, ग्रामीणों में नाराजगी
दिनेशपुर के राधाकांतपुर गांव में शुक्रवार रात बिजली के तारों से निकली चिंगारी के कारण किसान सतेंद्र वैद्य की करीब डेढ़ एकड़ फसल जलकर राख हो गई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सूचना देने के बावजूद दमकल की गाड़ी समय पर नहीं पहुंची। मजबूरन ग्रामीणों ने खुद ही ट्रैक्टर और पेड़ों की टहनियों की मदद से आग पर काबू पाया। बाद में पहुंची दमकल टीम को ग्रामीणों के आक्रोश का सामना करना पड़ा।
किच्छा: हाईटेंशन तार टूटने से झाड़ियों में आग
किच्छा में हाइडिल क्षेत्र के पीछे हाईटेंशन तार टूटने से झाड़ियों में आग लग गई। सूचना मिलते ही फायर यूनिट के मदन सिंह और धीरज राणा की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग को बुझाया और इसे आबादी वाले क्षेत्र में फैलने से रोक लिया।
लगातार बढ़ती गर्मी के बीच जिले में आग की घटनाएं चिंता का विषय बनती जा रही हैं, जिससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।