-->

search ad

आतंकी कनेक्शन की जांच के लिए ऊधम सिंह नगर पहुंची एनआईए

आतंकी कनेक्शन की जांच के लिए ऊधम सिंह नगर पहुंची एनआईए

 


रुद्रपुर/सितारगंज: (सतपाल सिंह सरारी) सितारगंज में पकड़े गए असलहा तस्करों के तार अब अल बदर आतंकी संगठन के ओवर ग्राउंड वर्कर रेहान मीर से जुड़ने के बाद जांच और गहरी हो गई है। दिल्ली स्पेशल सेल और आईबी की पूछताछ के बाद अब इस मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) भी जांच करने की तैयारी में है।

सूत्रों के अनुसार, एक-दो दिन में एनआईए की टीम ऊधम सिंह नगर पहुंचकर स्थानीय पुलिस से संपर्क करेगी और मामले से जुड़ी जरूरी जानकारी जुटाएगी। आवश्यकता पड़ने पर एजेंसी बी-वारंट के जरिए जेल में बंद दोनों आरोपियों से भी पूछताछ कर सकती है। पुलिस अधिकारियों ने एनआईए को हर संभव सहयोग देने की बात कही है।

बताया जाता है कि 9 अप्रैल को सितारगंज से चोरगलिया (नैनीताल) के जंगल में भारी मात्रा में असलहे और कारतूस छिपाने ले जा रहे दो आरोपियों—हरेंद्र सिंह उर्फ हनी और निखिल वर्मा उर्फ रानू—को पुलिस और एसओजी टीम ने गिरफ्तार किया था। उनके पास से पांच असलहे और 300 से अधिक कारतूस बरामद किए गए थे।

पूछताछ के दौरान हरेंद्र उर्फ हनी का संबंध अल बदर आतंकी संगठन के ओवर ग्राउंड वर्कर रेहान मीर से सामने आया। उसने कबूल किया कि उसने रेहान मीर को सात पिस्टल उपलब्ध कराई थीं। इसके बदले में जम्मू-कश्मीर के अलग-अलग बैंक खातों से उसके खाते में चार से पांच लाख रुपये ट्रांसफर किए गए थे।

यह भी सामने आया है कि वर्ष 2021 में रेहान मीर को दिल्ली स्पेशल टीम ने गिरफ्तार किया था, उस समय हरेंद्र उर्फ हनी वांछित था। उसकी गिरफ्तारी के बाद दिल्ली स्पेशल सेल और आईबी ने भी तस्करों से पूछताछ कर जरूरी जानकारी जुटाई थी।

अब इस मामले में आतंकी कनेक्शन सामने आने के बाद राष्ट्रीय जांच एजेंसी की एंट्री हो गई है। संभावना जताई जा रही है कि एनआईए जल्द ही जिले में पहुंचकर जांच को आगे बढ़ाएगी और जरूरत पड़ने पर आरोपियों से भी पूछताछ करेगी।



विज्ञापन

विज्ञापन

विज्ञापन

विज्ञापन