खेल प्रतियोगिता में दर्दनाक हादसा: फुटबॉल खेल रहे खिलाड़ी की गर्दन में घुसा भाला, मौके पर ही मौत
चंपावत (उत्तराखंड):(सतपाल सिंह सरारी ) जिले में आयोजित एक खेल प्रतियोगिता के दौरान शनिवार को बेहद दर्दनाक हादसा हो गया, जिसने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया। प्रतियोगिता के दौरान जेवलिन (भाला फेंक) के अभ्यास के समय एक खिलाड़ी द्वारा फेंका गया भाला अचानक पास के मैदान में फुटबॉल खेल रहे एक अन्य खिलाड़ी की गर्दन में जा लगा। इस भीषण हादसे में खिलाड़ी की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार चंपावत के गोरल चौड़ मैदान स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक परिसर में विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही थीं। इसी दौरान मैदान के एक हिस्से में जेवलिन थ्रो का अभ्यास चल रहा था, जबकि दूसरे हिस्से में कुछ खिलाड़ी फुटबॉल खेल रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जेवलिन थ्रो के अभ्यास के दौरान अचानक भाला नियंत्रण से बाहर हो गया और पास में फुटबॉल खेल रहे खिलाड़ी की गर्दन में जा धंसा। भाला लगते ही खिलाड़ी गंभीर रूप से घायल होकर मैदान में गिर पड़ा। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उसे अस्पताल ले जाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना के बाद मैदान में अफरा-तफरी मच गई और प्रतियोगिता को तत्काल रोक दिया गया। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद खिलाड़ियों, आयोजकों और स्थानीय लोगों में गहरा शोक व्याप्त है। प्रशासन द्वारा यह भी जांच की जा रही है कि प्रतियोगिता के दौरान सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम थे या नहीं।