-->

search ad

गोरखपुर में मामूली विवाद ने लिया खौफनाक मोड़, बड़े भाई की मौत

गोरखपुर में मामूली विवाद ने लिया खौफनाक मोड़, बड़े भाई की मौत


उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के सहजनवा थाना क्षेत्र स्थित भरपही गांव में एक घरेलू विवाद ने दर्दनाक घटना का रूप ले लिया। जानकारी के अनुसार, घर के पुराने भगौने को बेचने को लेकर दो सगे भाइयों के बीच शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। इस दौरान बड़े भाई की गंभीर चोट लगने से मौत हो गई।


बताया जा रहा है कि श्रवण गौंड के चार बेटे हैं और सभी अलग-अलग रहते हैं। शनिवार देर रात तीसरे नंबर के बेटे संजय और सबसे छोटे बेटे संदीप के बीच पुराने बर्तन को लेकर विवाद हो गया। बात बढ़ने पर दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान 30 वर्षीय संजय के सिर पर गंभीर चोट लग गई।


घटना के बाद परिजन घायल संजय को इलाज के लिए अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। संजय अपने पीछे पत्नी, चार साल का बेटा और एक साल की बेटी छोड़ गया है। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है।


सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मृतक के पिता श्रवण गौंड और छोटे भाई संदीप को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


विज्ञापन

विज्ञापन

विज्ञापन

विज्ञापन