-->

search ad

चंपावत दुष्कर्म कांड पर उत्तराखंड में उबाल, कई शहरों में प्रदर्शन और पुतला दहन

चंपावत दुष्कर्म कांड पर उत्तराखंड में उबाल, कई शहरों में प्रदर्शन और पुतला दहन

 


चंपावत में नाबालिग छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना को लेकर पूरे उत्तराखंड में आक्रोश देखने को मिल रहा है। गुरुवार को देहरादून, श्रीनगर गढ़वाल और बागेश्वर समेत कई शहरों में लोगों ने प्रदर्शन कर आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।

राजधानी देहरादून में लैंसडौन चौक के पास सुराज सेवा दल के कार्यकर्ताओं ने उत्तराखंड सरकार का पुतला दहन कर विरोध जताया। वहीं यमुना कॉलोनी तिराहे पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए पुतला फूंका।

श्रीनगर में निकाली गई आक्रोश रैली

श्रीनगर गढ़वाल में भी चंपावत की घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भारी रोष दिखाई दिया। पीपलचौरी के समीप एकत्र हुए लोगों ने दोषियों को फांसी की सजा देने की मांग की और महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों पर चिंता जताई।

प्रदर्शनकारियों ने पीपलचौरी से गोला पार्क तक आक्रोश रैली निकाली। रैली में शामिल लोगों ने हाथों में तख्तियां लेकर महिला सुरक्षा और न्याय की मांग उठाई। यह कार्यक्रम “जस्टिस फॉर अंकिता भंडारी कमेटी” के बैनर तले आयोजित किया गया।

गोला पार्क में हुई जनसभा में वक्ताओं ने कहा कि महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा को लेकर सरकार को गंभीर कदम उठाने चाहिए। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं देवभूमि की छवि को धूमिल कर रही हैं। प्रदर्शन में सरस्वती देवी, मुकेश सेमवाल, मोनिका, प्रिया, दीप्ति देवी, लक्ष्मी भट्ट, सीमा, ओमकार और बीना समेत कई स्थानीय लोग मौजूद रहे।

बागेश्वर में यूथ कांग्रेस का प्रदर्शन

बागेश्वर में भी घटना के विरोध में यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष गोकुल परिहार और पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण के नेतृत्व में कार्यकर्ता एसबीआई तिराहे पर एकत्र हुए और नारेबाजी करते हुए प्रदेश सरकार तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का पुतला दहन किया।

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि प्रदेश में महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा को लेकर सरकार पूरी तरह विफल साबित हो रही है। यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष गोकुल परिहार ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और यदि आरोपितों के खिलाफ जल्द कठोर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण ने घटना को बेहद शर्मनाक बताते हुए कहा कि पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस हर स्तर पर संघर्ष करेगी। इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष भगवत सिंह डसीला, कमलेश गढ़िया, राहुल बाराकोटी, गौरव परिहार, कैलाश नाथ और उम्मेद गढ़िया सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

विज्ञापन

विज्ञापन

विज्ञापन

विज्ञापन