टिहरी में आकाशीय बिजली का कहर, खेतों में काम कर रहीं दो महिलाएं बेहोश
न्यूज़रूम: (सतपाल सिंह सरारी की खबर) उत्तराखंड के टिहरी जनपद में गुरुवार दोपहर अचानक मौसम बदलने के साथ आकाशीय बिजली गिरने की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। भिलंगना ब्लॉक के सीमांत गांव गेंवाली में खेतों में आलू रोपाई का कार्य कर रहीं दो महिलाएं बिजली की चपेट में आने से बेहोश हो गईं। घटना के बाद ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई और दोनों महिलाओं को तत्काल सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार दोपहर के समय तेज गर्जना के साथ अचानक आकाशीय बिजली खेतों के समीप गिरी। उस दौरान कई ग्रामीण खेती-बाड़ी के कार्य में जुटे हुए थे। बिजली गिरने से खेतों में मौजूद महिलाओं को जोरदार झटका लगा, जिससे वे मौके पर ही अचेत हो गईं। ग्रामीणों ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर दोनों को प्राथमिक उपचार दिलाने की व्यवस्था की।
वहीं गांव की छानियों के पास भी बिजली गिरने की सूचना है। आशंका जताई जा रही है कि इस घटना में कई भेड़-बकरियां भी इसकी चपेट में आई हैं। हालांकि देर शाम तक पशुओं के नुकसान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई थी।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से प्रभावित परिवारों को सहायता उपलब्ध कराने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षा संबंधी सतर्कता बढ़ाने की मांग की है।