शाह: नुकसान की भरपाई के लिए केन्द्र देगा भरपूर मदद
देहरादून: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज राज्य के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण कर जायजा लिया। गृह मंत्री अमित शाह कल रात ही दून पहुंच चुके थे। दून पहुंचने के बाद आज सुबह वह हवाई सर्वेक्षण के लिए देहरादून से रवाना हुए । इस दौरान उन्होंने राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में हवाई सर्वेक्षण कर आपदा से हुए नुकसान का जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक भी थे । हवाई सर्वेक्षण के बाद केंद्रीय गृह मंत्री जौलीग्रांट एयरपोर्ट स्थित राज्य अतिथि गृह में अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा निर्देश भी दिये। बता दें प्रदेश में रविवार से अतिवृष्टि व भूस्खलन के कारण बड़े पैमाने पर जानमाल को नुकसान पहुंचा है । आपदा में 53 लोगों की जान गई है तो बड़े पैमाने पर सार्वजनिक संपत्ति को क्षति पहुंची है । आपदा के बाद से ही केंद्र सरकार राज्य की स्थिति पर निगाह बनाए हुए है ।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इसका लगातार अपडेट ले रहे हैं। राज्य में लगातार आपदा से नुकसान की खबरें आने के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह स्वयं उत्तराखंड में आपदा का जायजा लेने पहुंच गये। गृह मंत्री अमित शाह कल रात 1ः30 बजे उत्तराखंड पहुंचे थे। उत्तराखंड पहुंचने के बाद, उन्होंने राजभवन में रात्रि विश्राम किया था। इसी क्रम में सुबह 9ः50 बजे प्रदेश के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करने के लिए रवाना हो गए थे। उनके साथ मुख्यमंत्री धामी, केंद्रीय मंत्री अजय भट्ट और प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के साथ हवाई सर्वेक्षण के लिए रवाना हुए। गृह मंत्री अमित शाह ने देवप्रयाग, पौड़ी, रामनगर, रामगढ़, रुद्रपुर और हल्द्वानी का हवाई सर्वेक्षण किया और हालातों का जायजा लिया। करीब दो घंटा निरीक्षण कर वापस लौटे गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री और मंत्रियों के साथ ही आला अधिकारियों की समीक्षा बेठक ली। इस बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नुकसान की सर्वे रिपोर्ट प्रस्तुत की। समीक्षा बैठक में गृह मंत्री अमित शाह को इस बात की जानकारी दी गई कि इस आपदा की वजह से करीब 6000 करोड़ से अधिक का नुकसान हुआ। यही नहीं समीक्षा बैठक में इस बिंदु को भी रखा गया साथ ही सभी जिलों से मंगाई गई रिपोर्ट भी प्रस्तुत की गई जिसमें आपदा से हुए नुकसान का पूरा व्योरा रखा गया। गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री समेत अधिकारियों की बैठक के बाद संगठन के पदाधिकारियों के साथ ही बैठक की साथ ही आगामी चुनाव के मद्देनजर इस तरह की तैयारियां प्रदेश स्तर पर संगठन कर रहा है उन सभी स्थितियों को भी जाना, इसके अतिरिक्त आगामी चुनाव के मद्देनजर गृह मंत्री अमित शाह ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक को जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए ताकि आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा दमखम से चुनाव जीत सके। इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए गृह मंत्री ने कहा कि हमने 26 घंटे पहले ही चेतावनी जारी कर दी थी। केन्द्र ने सही समय पर अलर्ट किया। सेना और एनडीआरएफ को समय पर भेजा गया। उन्होंने बताया कि 16 हजार लोगों को सुरक्षित बचाया गया। करीब 3500 तीर्थ यात्रियों को भी इस दौरान सुरक्षित निकाला गया। उन्होंने कहा कि नुकसान भरपाई के लिए केन्द्र सरकार पूरी मदद करेगी। उन्होंने कहा कि संकट के समय में केंद्र सरकार उत्तराखंड सरकार के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि हमें सूचना मिलते ही हमने सेना और एनडीआरएफ को समय पर भेज दिया था, जिससे राज्य में सही समय पर रेस्क्यू आॅपरेशन चलाया जा सके। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आपदा के समय में किए गए सीएम धामी के कामों की तारीफ की। उन्होंने कहा कि सरकार ने समय पर जरूरी कदम उठाए और तेजी राहत और बचाव कार्य शुरू किया। उन्होंने कहा कि आपदा के समय में केंद्र सरकार की पूरी नजर है। शाह ने कहा कि केंद्र सरकार राज्य सरकार को 250 करोड़ रुपए राज्य को एंडवांस दे चुकी है। पीएम मोदी भी राज्य के हालातों को लेकर चिंतित है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी फोन पर बात कर पूरी जानकारी ली। गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि नुकसान को रिपेयर करने में अभी समय लगेगा। उन्होंने कहा कि निश्चित तौर पर धामी सरकार अच्छे काम कर रही है। इस दौरान उनके साथ राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह, केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री अजय भट्ट, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, अनिल बलूनी, कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत और मुख्य सचिव एसएस संधू भी मौजूद रहे।