पालिका परिसर में लगी भीषण आग, बाजार में भगदड़, दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची,सदमे से महिला बेहोश
सितारगंज: (सतपाल सरारी) सितारगंज नगर पालिका भवन के पास एक दुकान में भीषण आग लग गई है। दमकल विभाग की टीम व पुलिस मौके पर पहुंच गयी। नगर पालिका भवन के आसपास के बाजार में इसके बाद भगदड़ मच गई। नगर पालिका परिसर से सटे बाजार के दुकानदार अपना अपना सामान निकाल कर भागने लगे। एक महिला दुकानदार अपनी दुकान पर खतरा देख बेहोश हो गई। आग दिन के 11 बजे के करीब लगी और देखते ही देखते नगर पालिका भवन के आसपास के सामान को अपनी लपेटे में ले लिया।इधर चीनी मिल में सीएम के कार्यक्रम के कारण पूरा प्रशासनिक अमला चीनी मिल में ही डटा रहा। इसलिए दमकल के वाहन को मौके पर आने में देर हो गई। दमकल विभाग की फिलहाल एक गाड़ी आग बुझाने का प्रयास करती रही। लेकिन आग इतनी भीषण थी कि एक गाड़ी से आग बुझनी कठिन लग रही थी। उधर नगर निगम कार्यालय परिसर से सटे कई टीन शेडों में चल रही दुकानों को आनन फानन में खाली कराने में जुट गया। यह इलाका मीना बाजार में आता है। इसके बाद काफी नुकसान होने के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया जा सका।इधर एक फर्नीचर की दुकान में रखा फर्नीचर का सामान आग की भेंट चढ़ गया। वही आग से लाखों का नुकसान होने की संभावना जतायी जा रही है।