नवविवाहिता को मारी गोली, हालत गंभीर
काशीपुर: (ब्यूरो) आईटीआई थाना क्षेत्र के औद्योगिक आस्थान महुआखेड़ागंज में सुबह सवेरे दूध लेने जा रही नवविवाहिता को अज्ञात शख्स ने गोली मार दी। गोली उसकी गर्दन को चीरती हुई निकल गई। घटना के घटते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। पैगा चैकी पुलिस को जैसे ही इसका पता चला चैकी प्रभारी अमित शर्मा पुलिस कर्मियों के साथ तत्काल मौके पर पहुंच गए। उन्होंने गंभीर रूप से लहूलुहान होकर जमीन पर तड़प रही नवविवाहिता को तत्काल उपचार के लिए राजकीय चिकित्सालय भिजवाया जहां से उसकी हालत को नाजुक देखते हुए एक निजी अस्पताल से हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया। सनसनीखेज घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त है। जानकारी के मुताबिक लगभग 2 वर्ष पूर्व महुआ खेड़ा गंज निवासी धर्मवीर सिंह की 21 वर्षीय पुत्री कामिनी की शादी मूल रूप से जनपद बिजनौर उत्तर प्रदेश तथा हाल हकीम गंज महुआ खेड़ा गंज में किराए पर रहने वाले रवि उर्फ सोनू नामक युवक से हुई। सोनू महुआ खेड़ा गंज की एक फैक्ट्री में काम करता है। पता चला है कि शादी के कुछ दिन ठीक-ठाक बीते। इस बीच नवविवाहिता पति को अपना मकान बनाने के लिए कहने लगी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद खड़ा हो गया। शादी के बड़े ही कम समय में दंपत्ति के बीच विवाद इस कदर तूल पकड़ गया कि दोनों अलग अलग हो गए। कामिनी अपने मायके में रहने लगी। चर्चा है कि कामिनी को उसके पति से जान का खतरा था। पति ने पूर्व में कई बार कामिनी को मौत के घाट उतारने की धमकी दी थी। घटना के बाद से कामिनी का पति किराए का कमरा छोड़कर फरार बताया जा रहा है। कामिनी के अभी कोई बच्चे नहीं है। वह तीन भाई दो बहने हैं। गोलीकांड के बाद हरकत में आई आई टी आई पुलिस ने इस मामले में घायल महिला के पति समेत कुछ अन्य लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है। माना जा रहा है कि दुस्साहसिक वारदात से पुलिस जल्द पर्दा उठा देगी। उधर दूसरी ओर घायल नव विवाहिता के परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। हल्द्वानी के हायर सेंटर में गंभीर रूप से लहूलुहान नव विवाहिता की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है ।