कोरोना संक्रमित की मौत से मचा हड़कम्प
17 जनवरी, 2022
Edit
काशीपुर:(ब्यूरो) मुरादाबाद रोड स्थित मंडी पुलिस चैकी के समीप संचालित सिद्धि विनायक हाॅस्पिटल में उपचार के दौरान हुई कोरोना संक्रमित वृद्ध की मौत के बाद जहां शहर में महामारी के बढ़ते प्रकोप को लेकर हड़कंप मचा है वहीं दूसरी ओर उक्त अस्पताल की ओर जाने से लोग कतराने लगे हैं। बताया जा रहा है कि अस्पताल की ओर जाना रोगियों के लिए अब खतरे से खाली नहीं है। ज्ञातव्य है कि पखवाड़े भर के भीतर काशीपुर में अब तक 450 से भी ज्यादा संक्रमित पाए गए। तीसरी लहर में हुई पहली मौत ने स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मचा दिया। मोहल्ला पक्काकोट निवासी 75 वर्षीय बुजुर्ग को बीती नौ जनवरी को तबियत खराब होने के चलते राजकीय अस्पताल लाया गया था। रेपिड टेस्ट में उनके पाॅजिटिव आने पर हालत चिंताजनक देख मुरादाबाद रोड स्थित सिद्धि विनायक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। महकमे के आला अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचते हुए जरूरी जानकारी एकत्र की और नगर निगम की टीम के द्वारा स्थानीय श्मशान घाट में बनाये गए निर्धारित स्थान पर कोरोना नियमों के तहत शव का अंतिम संस्कार कर दिया। क्षेत्र में इस बात को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है कि उपचार को लेकर सिद्धिविनायक अस्पताल में अंदर खाने बड़ा गड़बड़ घोटाला चल रहा है। पूर्व में भी कई बार यह अस्पताल अपने अजब-गजब कारनामों के कारण सुर्खियों में रहा। समाज सेवा के क्षेत्र में कार्य करने वाले सामाजिक संगठन से जुड़े कुछ लोगों ने अस्पताल की गतिविधियों की जांच को लेकर स्वास्थ्य महकमे के उच्चाधिकारियों पर सवाल भी खड़े किए।