किसी कारणवश आवेश में आकर नानकसागर डैम में युवती ने लगाई छलांग।
17 मार्च, 2022
Edit
खटीमा से अपने मित्र के साथ आई थी युवती।
नानकमत्ता:(चरनसिंह सरारी) नानकसागर डैम में एक युवती छलांग लगाकर पानी में कूद गयी,घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गयी। घटनास्थल पर युवती की स्कूटी और चप्पल बरामद हुई है, वहीं पुलिस ने युवती के साथ एक युवक को भी पूछताछ के लिए अपनी हिरासत में रखा है। बताया जा रहा है कि युवती के साथ आये युवक ने ही युवती के डूबने की सूचना पुलिस को दी थी। घटना की खबर मिलते ही आसपास के लोग वहां पर एकत्र हो गए। जानकारी के मुताबिक नानकसागर डाम के कुछ ही दूरी पर प्रतापपुर पुलिस चौकी के नजदीक मच्छी झाले के आसपास पुलिस को एक युवती के कूदने की सूचना उसके मित्र ने दी। पुलिस के मुताबिक एक युवक ने सूचना दी कि एक युवती जिसका नाम मेघा ओला पुत्री रमेश चंद्र ओला निवासी कंजाबाग खटीमा है। किसी कारणवश नानकसागर डैम में कूद गयी है। सूचना मिलते ही नानकमत्ता के थानाध्यक्ष के०सी० आर्या पुलिस बल तथा जल पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गए। और नानकसागर डैम में चल रही मोटर के सहारे नानक सागर डैम में कूदी लड़की का पता लगाने का प्रयास किया। लेकिन तमाम प्रयास के बाद भी पुलिस शाम तक युवती का पता नहीं कर पायी। बताया जा रहा है कि युवती कंजाबाग खटीमा की रहने वाली है और वह अपने एक मित्र के साथ आज यहां पर घूमने आई थी, इसी दौरान किसी कारणवश आवेश में आकर उसने नानक सागर डैम में छलांग लगा दी। घटना की सूचना उसके साथ आए युवक ने तुरन्त पुलिस को दी। खबर के मुताबिक पुलिस ने युवक को अपनी हिरासत में ले लिया है। ओर पुलिस युवती के पानी में कूदने के मामले को लेकर जांच पड़ताल कर रही है। फिलहाल मामला प्रेम प्रसंग का बताया जा रहा है, थानाध्यक्ष के०सी० आर्या ने बताया कि घटना की जांच पड़ताल की जा रही है। फिलहाल कल सुबह युवती का पता लगाने के लिए सर्च ऑपरेशन फिर चलाया जाएगा।