प्रदेश ग्राम प्रधान संगठन को हाई पावर कमेटी ने देहरादून बुलाकर लिए सुझाव।
16 सितंबर, 2022
Edit
देहरादून/सितारगंज:(चरनसिंह सरारी) आज पंचायती राज निदेशालय देहरादून में माननीय मंत्री सतपाल महाराज एवं सचिव पंचायती राज नितेश झा के निर्देशन में ग्राम प्रधान संगठन की मांग पर 73 वें संविधान संशोधन के 29 विषय ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित करने, ग्राम पंचायतों को अपने संसाधनों से आए बढ़ाने हेतु एवं ग्राम पंचायतों को कार्य करने में आ रही दिक्कतों के संबंध में एक हाई पावर कमेटी का गठन पिछले माह किया गया था। जिसमें पूर्व मंत्री पंचायती राज मोहन सिंह रावत गांव वासी, एसएस पांगती पूर्व सचिव पंचायती राज, निदेशक बंशीधर तिवारी,अपर सचिव ओमकार सिंह, पूर्व निदेशक देवरानी, संयुक्त निदेशक इंजीनियर त्रिपाठी को उक्त हाई पावर कमेटी का सदस्य बनाया गया था। कमेटी द्वारा प्रदेश प्रधान संगठन को अपने सुझाव हेतु बुलाया गया था जिसमें प्रधान संगठन द्वारा सुझाव पत्र उपरोक्त हाई पावर कमेटी को सौंपा गया। इस बैठक में प्रधान संगठन के प्रदेश अध्यक्ष भास्कर सम्मल, प्रदेश उपाध्यक्ष खीमानंद बिनवाल, जिला अध्यक्ष रुद्रप्रयाग देवेंद्र भंडारी, जिला अध्यक्ष पिथौरागढ़ श्याम सुंदर सिंह सोन,प्रदेश संगठन महामंत्री राजेंद्र बिष्ट, विनोद बिजलवाण , जिला महामंत्री चंपावत चंद्रशेखर गड़कोटी आदि उपस्थित थे।