ऑपरेशन प्रहार का बड़ा धमाका: सितारगंज पुलिस ने नशा तस्करी नेटवर्क पर कसा शिकंजा, 150 ग्राम अफीम, 162 ग्राम चरस और 9.32 ग्राम स्मैक के साथ 6 तस्कर गिरफ्तार, कार-बाइक समेत कई सामान जब्त।
24 जुलाई, 2026
Edit
सितारगंज:(चरनसिंह सरारी) ऊधमसिंहनगर पुलिस द्वारा जनपद को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष अभियान "ऑपरेशन प्रहार" के तहत सितारगंज पुलिस ने एक के बाद एक ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए नशा तस्करी के बड़े नेटवर्क पर करारा प्रहार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक नगर तथा क्षेत्राधिकारी सितारगंज के कुशल पर्यवेक्षण में कोतवाली सितारगंज और चौकी सिडकुल पुलिस ने 23 जुलाई को दो अलग-अलग स्थानों पर घेराबंदी कर कुल 06 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 150 ग्राम अवैध अफीम, 162 ग्राम अवैध चरस और कुल 9.32 ग्राम स्मैक बरामद की है। इसके अलावा तस्करी में प्रयुक्त एक मैग्नेट कार, दो मोटरसाइकिलें (जिनके रजिस्ट्रेशन व चेसिस नंबर संदिग्ध रूप से घिसे हुए पाए गए) तथा दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। बरामद नशीले पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। पहली कार्रवाई में कस्बा प्रभारी उपनिरीक्षक कैलाश सिंह देव ने बिजटी रोड स्थित थारू बघोरी पुलिया के पास चेकिंग के दौरान 22 वर्षीय जसनदीप सिंह उर्फ जस्सी पुत्र मलकीत सिंह निवासी ग्राम मुडलिया इलाही बख्श थाना अमरिया पीलीभीत यूपी को मोटरसाइकिल पर 150 ग्राम अफीम तथा 19 वर्षीय विपिन कुमार पुत्र शेर सिंह निवासी ग्राम मझोला गिधौर थाना न्यूरिया पीलीभीत यूपी को 4.26 ग्राम स्मैक के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया। इसके बाद देर रात सिडकुल चौकी प्रभारी जगत सिंह साही ने सिडकुल रोड पर संदिग्ध कार की तलाशी लेकर 21 वर्षीय निखिल आर्य पुत्र यशपाल आर्य निवासी लक्ष्मपुर गोलापार थाना चोरगलिया नैनीताल,37 वर्षीय लोकेश कुमार पुत्र दिनेश चंद्र निवासी गोलापार बागजाला थाना काठगोदाम नैनीताल और 45 वर्षीय सूरज आर्य पुत्र चंदन राम निवासी नवाड़खेड़ा थाना काठगोदाम नैनीताल को 162 ग्राम चरस के साथ दबोच लिया, जबकि उनके साथ मौजूद 36 वर्षीय चन्द्रशेखर आर्य पुत्र स्व. आनंद प्रसाद निवासी बागजाला गोलापार थाना काठगोदाम नैनीताल के कब्जे से 4.26 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में पुलिस को नशा तस्करी से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुराग भी मिले हैं, जिनके आधार पर आगे की जांच तेज कर दी गई है। सभी आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि "ऑपरेशन प्रहार" के तहत नशा तस्करों के खिलाफ अभियान और अधिक तेज किया जाएगा तथा युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले किसी भी अपराधी को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। लगातार हो रही इस सख्त कार्रवाई से नशा कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है, जबकि आम जनता ने पुलिस की इस बड़ी सफलता की सराहना करते हुए अभियान को जनहित में महत्वपूर्ण कदम बताया है।पकड़ने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक सुंदरम शर्मा, एसएसआई जावेद मालिक,एसआई- कैलाश सिंह देव,एसआई जगत सिंह साही,एएसआई सुरेंद्र सिंह दानू, हे.का.मतलूब ख़ान, हे.का.राजेंद्र सिंह, का.प्रेम सिंह,का.कपिल कुमार,का.कमल गहतोड़ी,का.सुरेश सिंह का.अर्जुन नग्नयाल आदि शामिल रहे।