नानकमत्ता पुलिस ने मुठभेड़ में एक नशा तस्कर को किया गिरफ्तार।
28 जनवरी, 2025
Edit
नानकमत्ता:(चरनसिंह सरारी) उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के द्वारा नशामुक्त उत्तराखंड बनाने की मुहिम में नानकमत्ता पुलिस ने एक बार फिर मुठभेड़ के बाद नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। जिसमें ऊधमसिंह नगर जिले के नानकमत्ता थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी है। जिससे वह घायल हो गया पुलिस द्वारा उसकी तलाशी लेने पर 140 ग्राम अवैध स्मैक और अवैध हथियार भी बरामद हुआ हैं। आरोपी पहले भी अवैध स्मैक तस्करी और वन तस्करी के मामलों में जेल जा चुका है।
यह घटना बीती रात की बताई जा रही है, जब नानकमत्ता थाना पुलिस की टीम गश्त पर थी।बीती रात साढ़े बारह बजे पुलिस ने एक युवक को मोटरसाइकिल पर गांव पसैनी में रास्ते पर जाते देखा, जो पुलिस को देखकर जंगल की ओर भागने लगा। पुलिस ने उसका पीछा किया, लेकिन आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग करनी शुरू कर दी। जवाबी कार्यवाही में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लग गई और वह गिरकर घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस ने आरोपी की पहचान कुलविंदर सिंह उर्फ किन्दु के रूप में की है। जो नानकमत्ता के गांव पसैनी का निवासी है। पूछताछ में उसने बताया कि वह बहेड़ी और आसपास के गांवों से अवैध स्मैक लाकर नानकमत्ता क्षेत्र में सप्लाई करता था। तलाशी लेने पर उसके पास से एक अवैध तमंचा और 4 कारतूस भी बरामद हुए है। बरामद अवैध स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 5 लाख रुपये से अधिक आकी जा रही है।
एसएसपी मणिकांत मिश्रा अस्पताल पहुंचे और पूरी घटना की जानकारी ली। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्यवाही शुरू कर दी है और उसकी पूरी कुंडली खंगालने में जुटी है। कुलविंदर पहले भी कई बार अवैध स्मैक और वन तस्करी के आरोप में जेल जा चुका है। पुलिस अब उसकी तस्करी रैकेट के अन्य तारों को उजागर करने के लिए जांच कर रही है।