आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को दी जा रही एक्सपायरी खाद्य सामग्री! मासूमों की सेहत से खिलवाड़, आजाद समाज पार्टी ने उठाई जांच की मांग — प्रशासनिक लापरवाही पर भड़का आक्रोश।
06 अक्टूबर, 2025
Edit
सितारगंज: (चरनसिंह सरारी) सितारगंज क्षेत्र में बाल विकास परियोजना के तहत संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों में एक्सपायरी डेट की खाद्य सामग्री बांटे जाने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के जिलाध्यक्ष सतेंद्र कुमार ने इस गंभीर लापरवाही की शिकायत उपजिलाधिकारी सितारगंज से करते हुए तत्काल जांच और दोषियों पर सख्त कार्यवाही की मांग की है।सतेंद्र कुमार ने बताया कि क्षेत्र के कई लाभार्थियों ने शिकायत की है कि आंगनबाड़ी केंद्रों से बच्चों और गर्भवती महिलाओं को 23 सितंबर 2025 को एक्सपायर हो चुकी खाद्य सामग्री 30 सितंबर को वितरित की गई। विरोध करने पर लाभार्थियों को धमकाया गया और अगली बार सामग्री न देने की बात कही गई। यह स्थिति बेहद भयावह है, क्योंकि यह पोषण योजना के नाम पर छोटे-छोटे मासूम बच्चों और माताओं की सेहत से सीधा खिलवाड़ है।ग्राम वीरेंद्र नगर गोठा के राजेंद्र कुमार और राजकुमार ने भी प्रमाण सहित बताया कि उन्हें आंगनबाड़ी केंद्र से “बाल कोन” और “हलवा मिश्रण” जैसे पैकेट दिए गए जिनकी निर्माण तिथि 26 जून 2025 और एक्सपायरी तिथि 23 सितंबर 2025 थी, यानी एक्सपायरी के एक सप्ताह बाद ये सामग्री वितरित की गई।आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कहा कि यदि इस सामग्री के सेवन से किसी भी बच्चे या गर्भवती महिला की तबीयत बिगड़ती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी बाल विकास विभाग की होगी। उन्होंने मांग की है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों व आंगनबाड़ी कर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाए।इस घटना ने प्रशासनिक लापरवाही और विभागीय निगरानी तंत्र पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पोषण के नाम पर जहरीली हो चुकी सामग्री का वितरण न केवल मानवता के खिलाफ है बल्कि सरकार की योजनाओं पर भी बड़ा सवालिया निशान है। स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने भी इस मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की है।