कट्टों के इंतजार में फंसी फसल: सितारगंज में धान खरीद अटकी, किसान बेच रहे औने-पौने दाम पर अनाज।
04 अक्टूबर, 2025
Edit
सितारगंज : (चरनसिंह सरारी)। उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले के कृषि प्रधान क्षेत्र सितारगंज में इस बार धान खरीद प्रक्रिया शुरू होने से पहले ही अटक गई है। शासन के आदेश पर तीन अक्तूबर से 21 सरकारी धान क्रय केंद्र खोले तो जरूर गए, परंतु बारदाना (जूट के कट्टे) की आपूर्ति न होने से खरीद कार्य अब तक शुरू नहीं हो सका। नई मंडी समिति में बनाए गए क्रय केंद्र पर केवल बैनर और साफ-सफाई का कार्य होता रहा, जबकि किसानों की गाड़ियां धान से लदी मंडियों के बाहर कतार में खड़ी नजर आईं। किसान अपनी मेहनत की कमाई को समय पर न बेच पाने से निराश और चिंतित हैं।धान की फसल तैयार होने के बावजूद खरीद न शुरू होने से कई किसान मजबूर होकर अपनी उपज निजी व्यापारियों को औने-पौने दामों पर बेच रहे हैं, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। नगद बिक्री पर की जाने वाली कटौतियों और कांटों पर हो रही अनियमितताओं से किसान और अधिक परेशान हैं।इस बीच, एस.एम.आई. विनय चौधरी ने बताया कि शासन स्तर पर बारदाना उपलब्ध कराने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। शनिवार शाम तक बारदाना पहुंचने की संभावना है, जिसके बाद सोमवार से सभी क्रय केंद्रों पर धान की खरीद शुरू कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक चरण में प्रत्येक केंद्र पर प्रतिदिन 400 क्विंटल धान खरीदा जाएगा। किसानों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द बारदाना उपलब्ध कराकर खरीद प्रक्रिया शुरू की जाए, ताकि उनकी मेहनत की फसल समय पर बिक सके और उन्हें उचित मूल्य मिल सके।