-->

search ad

सितारगंज में बच्चों में तेजी से फैल रहा ‘टोमेटो फ्लू’, स्कूलों में बढ़ी चिंता – स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजरी, अभिभावकों से सतर्क रहने की अपील।

सितारगंज में बच्चों में तेजी से फैल रहा ‘टोमेटो फ्लू’, स्कूलों में बढ़ी चिंता – स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजरी, अभिभावकों से सतर्क रहने की अपील।

सितारगंज:(चरनसिंह सरारी) क्षेत्र में बच्चों के बीच टोमेटो फ्लू (हैंड, फुट एंड माउथ डिज़ीज़ –एचएफएमडी) का प्रकोप तेजी से फैलता जा रहा है,जिससे अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन में चिंता बढ़ गई है। उप जिला चिकित्सालय सहित निजी अस्पतालों में प्रतिदिन चार से पाँच बच्चे बुखार, मुंह और होंठों पर छाले, हाथ-पैरों पर फफोलेदार दाने, गले में दर्द और कमजोरी की शिकायत लेकर पहुँच रहे हैं। डॉक्टरों के अनुसार यह संक्रमण विशेष रूप से 9 वर्ष तक के बच्चों में तेजी से फैलता है। बीमारी के शुरुआती लक्षण सर्दी-जुकाम जैसे लगते हैं, लेकिन कुछ ही दिनों में बच्चे के शरीर पर लाल फफोले और छाले उभर आते हैं, जिससे खाना-पीना और बोलना तक मुश्किल हो जाता है।बढ़ते संक्रमण को देखते हुए उप जिला चिकित्सालय प्रशासन ने एडवाइजरी जारी की है। अधीक्षक डॉ. कुलदीप सिंह यादव ने बताया कि टोमेटो फ्लू एक वायरल संक्रमण है, जो समय पर उपचार और देखभाल से 6–7 दिनों में पूरी तरह ठीक हो सकता है, लेकिन यह अत्यधिक संक्रामक है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि लक्षण दिखने पर बच्चे को तुरंत नज़दीकी चिकित्सक को दिखाएँ, एक सप्ताह तक आइसोलेट रखें, और संक्रमित बच्चों को स्कूल या सार्वजनिक स्थानों पर न भेजें। बच्चों को स्वच्छता की आदतें सिखाएँ, बार-बार हाथ धोने और दूषित वस्तुओं से दूर रहने पर जोर दें।डॉ. यादव ने कहा कि अभिभावकों को घबराने की आवश्यकता नहीं है, बल्कि सतर्क रहकर संक्रमण की श्रृंखला तोड़नी जरूरी है। अस्पताल प्रशासन ने स्कूलों से भी अनुरोध किया है कि वे लक्षण वाले बच्चों की पहचान कर अभिभावकों को सूचित करें। स्वास्थ्य विभाग ने टीमों को अलर्ट पर रखा है और स्थिति पर लगातार नज़र रखी जा रही है।सितारगंज में बढ़ते मामलों को देखते हुए यह आवश्यक हो गया है कि हर अभिभावक अपने बच्चों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दे और किसी भी प्रकार के लक्षण दिखने पर तुरंत चिकित्सा परामर्श लें।

विज्ञापन

विज्ञापन

विज्ञापन

विज्ञापन