नशा मुक्ति ही सच्ची आज़ादी : सिटी कॉन्वेंट स्कूल में छात्रों को दी गई नशे से दूर रहने की प्रेरणा।
05 अक्टूबर, 2025
Edit
खटीमा:(चरनसिंह सरारी) “नशा एक अभिशाप है, जो युवाओं के उज्ज्वल भविष्य को अंधकार में धकेल देता है।” इसी संदेश को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से सिटी कॉन्वेंट स्कूल खटीमा में नशा उन्मूलन एवं नशीली दवाओं के दुरुपयोग से पीड़ितों के लिए जागरूकता एवं कानूनी सहायता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विशेषज्ञ वक्ताओं ने छात्रों को नशे के खतरों, उसके मानसिक, शारीरिक और सामाजिक दुष्परिणामों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। कहा गया कि आज का युवा वर्ग नशे की गिरफ्त में तेजी से फंसता जा रहा है, जिससे न केवल उसका स्वास्थ्य बल्कि उसका पूरा भविष्य खतरे में पड़ जाता है।कार्यक्रम में वक्ताओं ने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का उद्देश्य समाज में नशा मुक्ति की अलख जगाना, नशीले पदार्थों के शिकार लोगों को कानूनी सहायता व पुनर्वास सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि वे दोबारा सामान्य जीवन की ओर लौट सकें। उपस्थित विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई और नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 की जानकारी साझा की गई ताकि जरूरतमंद लोग कानूनी सहायता प्राप्त कर सकें।शिविर में डॉक्टर देश दीपक गौड़, डॉक्टर सोनाक्षी सक्सेना, विजेता पांडे, संजय शुक्ला, डिप्टी नजीर, पैनल अधिवक्ता सहाना बेगम, कमान सिंह धामी, अब्दुल मजीद सहित पीएलवी टीम के आरबी सिंह राणा, पिंकी राणा, कमला गोस्वामी, आशा रानी, माया देवी और प्रीति राणा ने सक्रिय भूमिका निभाई। इस अवसर पर लगभग 120 एनसीसी छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर समाज में नशामुक्त वातावरण निर्माण का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में वक्ताओं ने कहा कि युवा पीढ़ी देश का भविष्य है, इसलिए नशे से दूरी बनाकर ही सच्चे अर्थों में मजबूत, सशक्त और प्रगतिशील भारत का निर्माण संभव है।