रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के 21 मार्च के हल्द्वानी दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट, एमबी मैदान में होगा भव्य राज्य स्तरीय आयोजन; आयुक्त दीपक रावत ने की तैयारियों की सख्त समीक्षा।
20 मार्च, 2026
Edit
हल्द्वानी:(चरनसिंह सरारी) केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के 21 मार्च को प्रस्तावित जनपद नैनीताल दौरे और राज्य सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में हल्द्वानी के एमबी इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित होने वाले भव्य कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आया। इसी क्रम में सर्किट हाउस हल्द्वानी में आयुक्त/सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण पूर्व तैयारी बैठक आयोजित की गई, जिसमें कुमाऊं आयुक्त ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि यह आयोजन कुमाऊं के प्रवेश द्वार हल्द्वानी की प्रतिष्ठा के अनुरूप भव्य, सुव्यवस्थित और जनसुविधाओं से परिपूर्ण होना चाहिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आमजन और जनप्रतिनिधियों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पार्किंग, यातायात प्रबंधन, सभा स्थल तक सुगम आवागमन, बैठने की पर्याप्त व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, वीआईपी व मीडिया गैलरी, शौचालय, आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं, अग्निशमन व्यवस्था तथा पंडाल और मंच निर्माण जैसे सभी कार्यों को समय से पहले और त्रुटिरहित तरीके से पूरा किया जाए। आयुक्त ने जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टीसी मंजूनाथ को सेक्टरवार जिम्मेदारियां तय कर प्रत्येक व्यवस्था की निगरानी करने तथा किसी भी कमी को समय रहते दूर करने के निर्देश दिए। साथ ही जल संस्थान को पर्याप्त पेयजल टैंकर व डिस्पेंसर उपलब्ध कराने, परिसर में आवश्यकतानुसार मोबाइल टॉयलेट स्थापित करने और परिवहन विभाग को आगंतुकों के आवागमन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। नगर निगम हल्द्वानी को नियमित सफाई अभियान चलाने तथा लोक निर्माण विभाग को वीआईपी मार्ग से कार्यक्रम स्थल तक सड़कों को पूरी तरह गड्ढामुक्त और दुरुस्त करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जिसके लिए मुख्य विकास अधिकारी को तत्काल तैयारियां शुरू करने को कहा गया। बैठक के उपरांत आयुक्त दीपक रावत ने स्वयं एमबी इंटर कॉलेज मैदान पहुंचकर तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया और लोनिवि अधिकारियों को मंच व पंडाल निर्माण सहित सभी कार्य तय समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। इस महत्वपूर्ण बैठक में दर्जा राज्य मंत्री डॉ. अनिल कपूर डब्बू, भाजपा प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट, जिलाधिकारी उधम सिंह नगर नीतिन भदौरिया, सीडीओ अरविंद कुमार पांडे, सीडीओ उधम सिंह नगर दिवेश शाशनी, एडीएम, सिटी मजिस्ट्रेट, नगर आयुक्त सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए समन्वित रूप से काम करने की रणनीति तय की गई।