-->

search ad

किच्छा के बरा में भव्य ‘सरदार एकता संदेश समारोह’ : राज्यपाल संतोष गंगवार ने किया लौह पुरुष सरदार पटेल की प्रतिमा का लोकार्पण, एकता और राष्ट्रभक्ति का दिया संदेश।

किच्छा के बरा में भव्य ‘सरदार एकता संदेश समारोह’ : राज्यपाल संतोष गंगवार ने किया लौह पुरुष सरदार पटेल की प्रतिमा का लोकार्पण, एकता और राष्ट्रभक्ति का दिया संदेश।

किच्छा:(चरनसिंह सरारी) गंगवार फार्म बरा में शनिवार को आयोजित भव्य ‘सरदार एकता संदेश समारोह’ ऐतिहासिक और प्रेरणादायी माहौल में संपन्न हुआ, जहां झारखण्ड के महामहिम राज्यपाल संतोष गंगवार ने राष्ट्र के महान शिल्पी और लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की नवनिर्मित प्रतिमा का लोकार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। समारोह में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों और क्षेत्रवासियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान की। अपने संबोधन में राज्यपाल ने कहा कि सरदार पटेल भारत के पहले उप प्रधानमंत्री और गृह मंत्री थे, जिनकी दूरदर्शिता, दृढ़ इच्छाशक्ति और मजबूत नेतृत्व के कारण स्वतंत्रता के बाद 560 से अधिक रियासतों का भारतीय संघ में विलय संभव हो पाया और देश एक मजबूत राष्ट्र के रूप में उभर सका। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखण्ड के उधमसिंह नगर में सरदार पटेल की प्रतिमा की स्थापना न केवल गौरव का विषय है, बल्कि यह आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रप्रेम, एकता, कर्तव्यनिष्ठा और सेवा भावना की प्रेरणा भी देती रहेगी। राज्यपाल ने उत्तराखण्ड की पवित्र भूमि को त्याग, तपस्या, वीरता और राष्ट्रीय समर्पण की प्रतीक बताते हुए कहा कि यहां की समृद्ध संस्कृति, प्राकृतिक सौंदर्य और जनजीवन देश को सदैव एकजुट रहने का संदेश देता है। उन्होंने सरदार पटेल के व्यक्तित्व का स्मरण करते हुए कहा कि वे एक दृढ़ निश्चयी, बेबाक और निर्णायक नेता थे, जिन्होंने बारडोली और खेड़ा सत्याग्रह जैसे ऐतिहासिक आंदोलनों का सफल नेतृत्व किया और भारतीय प्रशासनिक सेवा की मजबूत नींव रखी। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि हम सबको जाति, धर्म, भाषा और क्षेत्रीय भेदभाव से ऊपर उठकर राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हुए एकजुट होकर देश की प्रगति में योगदान देना चाहिए। इस दौरान उन्होंने देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि देश के विभिन्न हिस्सों को सांस्कृतिक, सामाजिक और आर्थिक रूप से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं और सरदार पटेल के आदर्शों को अपनाना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी। कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी प्रसाद गंगवार, रेनू गंगवार, सुरेश गंगवार सहित अनेक जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे, जिनकी उपस्थिति ने समारोह को जनआस्था और राष्ट्रभक्ति का भव्य रूप दे दिया।

विज्ञापन

विज्ञापन

विज्ञापन

विज्ञापन