एसटीएफ का ‘मेगा स्ट्राइक’: किच्छा में 40 लाखदेवभूमि में की हेरोइन संग महिला तस्कर दबोची, कुमाऊं में फैले ड्रग्स सिंडिकेट की जड़ें हिलीं।
09 अप्रैल, 2026
Edit
देहरादून/किच्छा:(चरनसिंह सरारी) उत्तराखंड को नशा मुक्त बनाने के अभियान में स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने अब तक की सबसे बड़ी और असरदार कार्रवाइयों में से एक को अंजाम देते हुए किच्छा के लालपुर चौकी क्षेत्र में जोरदार दबिश देकर 133 ग्राम हेरोइन (अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 40 लाख रुपये) के साथ एक शातिर महिला तस्कर सुरेंद्र कौर उर्फ छिन्दों कौर (42) को गिरफ्तार कर लिया। एसटीएफ की एंटी नार्कोटिक्स कुमाऊं यूनिट और किच्छा पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी पिछले डेढ़ साल से किच्छा, रुद्रपुर, हल्द्वानी समेत कुमाऊं के कई हिस्सों में नशे का जाल फैलाकर युवाओं की जिंदगी से खिलवाड़ कर रही थी। पूछताछ में महिला ने बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि वह लालपुर निवासी जसवंत सिंह से हेरोइन खरीदकर ऊंचे दामों पर सप्लाई करती थी, जिससे यह साफ संकेत मिल रहे हैं कि मामला एक बड़े संगठित ड्रग्स नेटवर्क से जुड़ा है। आरोपी पहले भी कच्ची शराब के मामले में जेल जा चुकी है, जिससे उसका आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है, जिसमें कई अहम संपर्क और लेनदेन के सुराग मिलने की उम्मीद है। एसटीएफ प्रमुख अजय सिंह के सख्त निर्देशों पर चल रहे इस अभियान के तहत हुई यह कार्रवाई नशा तस्करों के खिलाफ बड़ा प्रहार मानी जा रही है, वहीं अब जांच एजेंसियां इस नेटवर्क की गहराई तक पहुंचने के लिए तेजी से छापेमारी कर रही हैं, जिससे आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे और गिरफ्तारियां संभव हैं।