धामी की विधानसभा में दुष्कर्म कांड से सियासी भूचाल, सितारगंज में कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन; मुख्यमंत्री का पुतला फूंक जताया आक्रोश।
09 मई, 2026
Edit
सितारगंज:(चरनसिंह सरारी) मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की विधानसभा क्षेत्र में एक बालिका के साथ हुए दुष्कर्म के मामले ने प्रदेश की राजनीति में हलचल मचा दी है। घटना को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का गुस्सा गुरुवार को सितारगंज की सड़कों पर खुलकर दिखाई दिया। पंडरी चौराहे पर जुटे कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री का पुतला फूंका और प्रदेश की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि जिस सरकार द्वारा महिला सुरक्षा और बेटी बचाओ के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, उसी सरकार के मुखिया की विधानसभा में बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यदि सत्ता से जुड़े लोगों के नाम इस मामले में सामने आ रहे हैं तो यह और भी गंभीर एवं शर्मनाक विषय है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार पर अपराधियों को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में महिलाओं और बेटियों के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे आम जनता में भय और असुरक्षा का माहौल है। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच और पीड़िता को शीघ्र न्याय दिलाने की मांग उठाई। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द कठोर कार्रवाई नहीं की तो प्रदेशभर में आंदोलन तेज किया जाएगा। इस दौरान कांग्रेसी नेता नवतेजपाल सिंह,कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष रंजीत सिंह, कांग्रेस नगराध्यक्ष सरताज अहमद, विष्णु तरफदार, नसीम मालिक, देवांश बावा, मोहम्मद अहमद, सुरेंद्र यादव,हरपाल सिंह,दिलबाग सिंह,शाकिर अली, सिराजुद्दीन, आकाश अंसारी, पूरन सिंह चौहान,विपिन खोलिया,मो०जावेद सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे और भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।