फ्री में चाउमीन नहीं देने पर दबंगों की फायरिंग, रम्पुरा में मचा हड़कंप
रुद्रपुर के रम्पुरा इलाके में फ्री में चाउमीन नहीं देने पर दबंगई और फायरिंग का मामला सामने आया है। घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस से अपनी जान को खतरा बताते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर-22, केदारी चौक रम्पुरा निवासी सोमवीर कोली अपनी चाउमीन की दुकान पर शनिवार शाम साफ-सफाई कर रहे थे। इसी दौरान क्षेत्र के रहने वाले संजय कोली, कमल और उनका एक साथी अमन पांडे वहां पहुंचे। आरोप है कि तीनों ने खुद को इलाके का दबंग बताते हुए फ्री में चाउमीन खिलाने की मांग की।
जब दुकानदार ने मना किया तो आरोपी गाली-गलौज करते हुए उसे गोली मारने की धमकी देकर वहां से चले गए। पीड़ित का आरोप है कि करीब ढाई घंटे बाद तीनों युवक दोबारा दुकान पर लौटे और पत्थरबाजी शुरू कर दी। मौके पर मौजूद लोगों ने बीचबचाव कर मामला शांत कराने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने फायरिंग कर दी और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसएसआई अनिल कुमार ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम को लगाया गया है और जल्द कार्रवाई की जाएगी।