उत्तराखण्ड में केन्द्र सरकार से राज्य को जल्द मिलेगी मददः भट्ट
रूद्रपुर: केन्द्रीय केंद्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट ने पत्रकार वार्ता में कहा कि केन्द्र सरकार उत्तराखण्ड में आई भीषण आपदा को लेकर गंभीर है। प्रभावितों की मदद के लिए केन्द्र सरकार की ओर से हरसंभव मदद दी जायेगी। सांसद भट्ट ने कहा कि उत्तराखण्ड में भारी बारिश के बाढ़ ने विकराल रूप धरण करके जनजीवन को हिलाकर रख दिया। संकट के इस समय में उत्तराखण्ड सरकार ने तत्परता दिखाते हुए अपनी जिम्मेवारी का बखूबी निर्वहन किया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धमी पहले ही दिन से न सिर्फ आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं बल्कि हर प्रभावित क्षेत्र की पल पल की रिपोर्ट भी ले रहे हैं। केन्द्र सरकार भी आपदा को लेकर पूरी तरह गंभीर है। प्रधनमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद यहां की अपडेट ली थी और गृह मंत्री अमित शाह ने यहां आकर उत्तराखण्ड के प्रति अपनी सहानुभूति दिखाई है। केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट ने कहा कि संकट के इस समय में केन्द्र सरकार उत्तराखण्ड की जनता के साथ खड़ी है। आपदा पीड़ितों को सरकार निराश नहीं होने देगी। केन्द्र की टीम को सर्वे के लिए आपदा प्रभावित क्षेत्रों में भेजा जा रहा है। नुकसान का आंकलन करने के बाद सभी प्रभावितों को मुआवजा राशि देने के लिए सरकार ने कार्यवाही शुरू कर दी है। श्री भट्ट ने कहा कि आपदा प्रभावितों को राहत प्रदान करने के लिए सरकार की ओर से जगह जगह ओपन किचन की व्यवस्था करने के साथ ही जगह जगह कच्चा राशन भी बांटा जा रहा है। तात्कालिक सहायता राशि के चेक भी प्रभावितों को बांटे जा रहे हैं। जगह जगह चिकित्सा सुविधयें भी उपलब्ध कराई जा रही है, जहां जहां भी जलभराव हुआ है वहां पर सफाई व्यवस्था के साथ साथ बिमारियों से बचाव के लिए दवाईयों का छिड़काव भी कराया जा रहा है। सरकार ने आपदा प्रभावितों की मदद के लिए अपने पूरे संसाधन झोंक दिये हैं। पहले ही दिन से एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस के अलावा कई जगह सेना के जवानों को भी आपदा प्रभावितों की मदद के लिए लगाया गया। सरकार की तत्परता का ही परिणाम रहा कि प्रदेश में आपदा के समय मौजूद सभी पर्यटक सुरक्षित हैं। कई जगह फंसे हुए पर्यटकों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। आपदा के दौरान रेस्क्यू अभियान में हेलीकाॅप्टर की भी मदद ली गयी। श्री भट्ट ने कहा वह खुद पिछले कुछ दिनों से आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं। हर जगह प्रशासनिक अमले को मुस्तैदी के साथ राहत कार्यों में लगाया गया है। सरकार की पहली प्राथमिकता है कि हर प्रभावित तक मदद पहुंचे। अजय भट्ट ने कहा की प्राकृतिक आपदा से बहुत नुकसान हुआ है। प्रदेश में 50 से अधिक मौतें भी हुयी है। उनकी संवेदनाएं हताहत हुए परिवारों के साथ जुड़ी हैं। पीड़ित परिवारों को सरकार हर संभव मदद का प्रयास कर रही है। श्री भट्ट ने बताया कि सरकार द्वारा पीड़ित परिवारों को अनुमन्य सहायता राशि भी दी जाएगी। केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि भीषण बरसात और भूस्खलन की घटनाओं के मद्देनजर स्वयं लगातार माॅनिटरिंग कर रहे हैं, उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार से संपर्क के साथ-साथ वह राज्य के मुख्य सचिव सहित आपदा परिचालन केंद्र और नैनीताल उधम सिंह नगर के अधिकारियों से लगातार संवाद कर अपडेट ले रहे हैं। श्री भट्ट ने कहा जहां सरकार के स्तर पर मदद की आवश्यकता होगी उसे तत्काल किया जाएगा। केंद्र सरकार ने राज्य सरकार को हर संभव मदद करने का ऐलान किया है। केंद्रीय मंत्री अजय भट्ट ने इस प्राकृतिक आपदा में बचाव राहत कार्य में जुटे सैन्य कर्मी, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस कर्मी, प्रशासन और आपदा प्रबंधन तंत्र सहित प्रभावित लोगों की मदद में जुटे सरकारी तंत्र को तत्परता से काम करने के लिए साधुवाद भी दिया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष शिव अरोरा, विधयक राजकुमार ठुकराल, मेयर रामपाल सिंह,उत्तम दत्ता, ललित मिगलानी, राकेश सिंह मौजूद थे ।