धामी के पक्ष में गहतोड़ी ने बनाया जोरदार माहौल
15 मई, 2022
Edit
टनकपुर(संवाददाता) । चंपावत उपचुनाव अब पूरे शबाब पर चढ़ गया है। सीएम पुष्कर सिंह धामी के लिए अपनी सीट छोड़ने वाले चंपावत के पूर्व विधायक कैलाश गहतोड़ी ने सीएम धामी के चुनाव में अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। चंपावत का पर्वतीय क्षेत्र हो या फिर टनकपुर बनबसा का मैदानी इलाका पूर्व विधायक कैलाश गहतोड़ी अपने समर्थकों के साथ लगातार जन संपर्क बनाए हुए हैं। यह बता दें कि चंपावत विधानसभा सीट खटीमा विधानसभा सीट से लगी हुई है। खटीमा विधानसभा सीट की सीमा खत्म होते ही चंपावत विधानसभा सीट का बनबसा क्षेत्र शुरू हो जाता है। क्योंकि कैलाश गहतोड़ी को चंपावत विधानसभा क्षेत्र का अच्छा खासा अनुभव है। उनका यही चुनावी अनुभव सीएम पुष्कर धामी के चुनावी राह को और आसान बना रहा है। पूर्व विधायक कैलाश गहतोड़ी अपने समर्थकों के साथ चंपावत विधानसभा क्षेत्र की जनता से सहयोग की अपील करते हुए विश्वास दिला रहे हैं कि चुनाव में जीत के बाद चंपावत विधानसभा क्षेत्र में विकास का इतिहास लिखा जाएगा। पूर्व विधायक कैलाश गहतोड़ी ने कहा कि यह हमारे लिए सौभाग्य की बात है कि सीएम पुष्कर सिंह धामी चंपावत विधानसभा सीट से उप चुनाव लड़ रहे हैं। बीते रोज टनकपुर क्षेत्र में एक सभा के दौरान कैलाश गहतोड़ी ने कहा कि चंपावत के पर्वतीय क्षेत्रों के साथ-साथ टनकपुर और बनबसा के मैदानी क्षेत्रों को भी एक मॉडल के रूप में विकसित किया जाएगा। यह बता दें कि दो बार चंपावत विधानसभा सीट से निर्वाचित हो चुके कैलाश गहतोड़ी ने खटीमा विधानसभा सीट से सीएम पुष्कर सिंह धामी की हार के तुरंत बाद ऐलान कर दिया था कि वह सीएम धामी के लिए अपनी चंपावत विधानसभा सीट का त्याग करने को तैयार हैं। जिसके बाद दर्जनभर विधायकों ने सीएम पुष्कर सिंह धामी को अपनी अपनी सीट छोड़ने के साथ चुनाव लड़ने के लिए आमंत्रित किया। बावजूद इसके सीएम पुष्कर सिंह धामी ने पूर्व विधायक कैलाश गहतोड़ी के निवेदन पर चंपावत विधानसभा सीट से ही चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया। जिसके बाद से ही चंपावत विधानसभा क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। विधानसभा क्षेत्र के तमाम लोग पूर्व विधायक कैलाश गहतोड़ी के इस त्याग की प्रशंसा करते हुए देखे जा रहे हैं।