
सितारगंज:(चरनसिंह सरारी) बिरेंद्र नगर, गोठा के दर्जनों ग्रामीणों ने अवैध रूप से पीपल के पेड़ को कुछ लोगों द्वारा काटने को लेकर उप जिला अधिकारी सितारगंज को संबोधित ज्ञापन पेशगार हेमचन्द्र पाण्डेय को सौंपा। ज्ञापन में अनुरूद्र राय ने बताया कि ग्राम बिरेंद्र नगर गोठ के पास हाईवे रोड के पास 60 से 70 साल पुराना एक पीपल का पेड़ था जिसको खटीमा निवासी डॉक्टर श्रीपाल एवं राजेश कुमार पाल पुत्र गिरधर पाल निवासी ग्राम बिगराबाग खटीमा व लकड़ी ठेकेदार वसीम पुत्र पप्पू निवासी पंडित तहसील सितारगंज ने पेट्रोल वाली आरा मशीन से पीपल के पेड़ की मोटी- मोटी शाखाएं काट दी है ग्रामीणों ने इसका विरोध किया तो डॉक्टर पाल व ठेकेदार वसीम ने बताया कि बाराकोली रेंज के रेंजर जीवन चंद्र उप्रेती से परमिशन ली गई है।
वहीं जब ग्रामीणों द्वारा परमिशन दिखाने को कहा तो पेड़ काट रहे लोग मौके से फरार हो गए वहीं ग्रामीणों ने पीपल के पेड़ को काटने की सूचना बाराकोली रेंज के रेंजर को फोन से दी, सूचना मिलने के लगभग 2 घंटे बाद वन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और रफा दफा की बात करने लगे। वहीं ग्रामीणों में पेड़ काटने को लेकर भारी रोष है, वहीं संतोष मिश्रा ने बताया कि पीपल का पेड़ हमारी आस्था का पेड़ है हम सभी ग्रामीण पूजा अर्चना करते है साथ ही मृत्यु उपरांत ग्रामीण घड़ा, घंटा बांधने ,पीपल पानी व दसवीं आदि का काम करते है। ग्रामीणों ने पीपल के पेड़ को काटने वालों पर कड़ी कार्यवाही करने की मांग की है।
ज्ञापन देने वालों में अनुरूद्र राय, धर्म देव यादव अमृतपाल मान,हरचरण लाल, बलजीत सिंह, रितेश कुमार, हिमेश कुमार, राम अवतार, विनोद कुमार, देशराज सिंह, हरेंद्र सिंह, कृपाल सिंह, शिव शंकर आदि शामिल थे।