राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बाजपुर में छात्र संघ चुनाव की गहमागहमी, अध्यक्ष पद पर महेंद्र सिंह बोरा व निकिता आमने-सामने, कुल 14 प्रत्याशियों ने दाखिल किए नामांकन।
24 सितंबर, 2025
Edit
बाजपुर:(चरनसिंह सरारी) राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बाजपुर में छात्र संघ चुनाव 2025 की सरगर्मियां चरम पर पहुंच गई हैं। चुनावी प्रक्रिया के तहत 23 सितंबर को छात्र संघ के विभिन्न पदों के लिए 23 विद्यार्थियों ने आवेदन पत्र खरीदे थे, वहीं आज 24 सितंबर को नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि तक 14 प्रत्याशियों ने अपने-अपने दावे पेश किए। सबसे अधिक चर्चा अध्यक्ष पद को लेकर है, जहां महेंद्र सिंह बोरा और निकिता के बीच सीधा मुकाबला देखने को मिलेगा। इसके अलावा उपाध्यक्ष पद पर 2, छात्रा उपाध्यक्ष 1, सचिव 1, संयुक्त सचिव 1, कोषाध्यक्ष 3, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि 1, विज्ञान संकाय प्रतिनिधि 1, कला संकाय प्रतिनिधि 1 और वाणिज्य संकाय प्रतिनिधि 1 प्रत्याशी चुनावी मैदान में उतरे हैं। नामांकन प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई, जिसमें जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन की सख्त निगरानी के साथ छात्र-छात्राओं का भरपूर सहयोग देखने को मिला। कॉलेज प्रशासन की ओर से मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पहचान पत्र वितरण हेतु अलग से काउंटर बनाए गए, जहां छात्रों में खासा उत्साह दिखाई दिया। छात्र हित में कल भी पहचान पत्र वितरित किए जाएंगे। अब 25 सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच, नामांकन वापसी की प्रक्रिया और वैध प्रत्याशियों की सूची घोषित की जाएगी। जैसे-जैसे तारीख नजदीक आ रही है, कॉलेज परिसर का माहौल पूरी तरह चुनावी रंग में रंगता जा रहा है और छात्र राजनीति का असली रोमांच देखने को तैयार है।