फ्रेशर व फेयरवेल पार्टी में छात्र-छात्राओं ने बिखेरा जलवा, डीजे की धुन पर झूमे, मेधावियों को मिला सम्मान।
08 अक्टूबर, 2025
Edit
नानकमत्ता साहिब:(चरनसिंह सरारी) नगर के श्री गुरूनानक देव स्नातकोत्तर महाविद्यालय में फ्रेशर एवं फेयरवेल पार्टी का भव्य आयोजन उत्साह और उमंग के माहौल में किया गया। कॉलेज के सभागार कक्ष में सजे रंगारंग मंच पर छात्र-छात्राओं ने अपने शानदार प्रस्तुतियों, नृत्य और फैशन रैंप वॉक से सभी का दिल जीत लिया। कार्यक्रम की शुरुआत प्राचार्या डॉ. सीता मेहता और बीएड विभागाध्यक्ष डॉ. इंदु बाला ने माँ सरस्वती व गुरु नानक देव के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर वंदना के साथ की। डॉ. मेहता ने अपने प्रेरक संबोधन में कहा कि कॉलेज जीवन युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण की सबसे सुंदर यात्रा होती है, जिसे पूरे जोश और अनुशासन के साथ जिया जाना चाहिए। उन्होंने नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं को महाविद्यालय परिवार में हार्दिक स्वागत करते हुए, विदा ले रहे विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ व आशीर्वाद दिया।फ्रेशर और फेयरवेल समारोह के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं ने छात्रों में रोमांच भर दिया। बीए पाठ्यक्रम से रितिक राना व दीपक राना ने मिस्टर फ्रेशर का खिताब जीता, जबकि पूजा बाजपेयी व सुहानी बनीं मिस फ्रेशर। एमए वर्ग से संजना राना और बीबीए वर्ग से खुशबू गुप्ता को मिस फ्रेशर का ताज पहनाया गया। वहीं, फेयरवेल पार्टी में एमए पाठ्यक्रम की स्वाति को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन और सक्रियता के लिए सर्वश्रेष्ठ छात्रा चुना गया।
कार्यक्रम का आकर्षण उस समय और बढ़ गया जब महाविद्यालय प्रबंधक सरदार चरनजीत सिंह ने शैक्षणिक सत्र 2022-23 एवं 2023-24 में विश्वविद्यालय स्तर पर स्वर्ण और रजत पदक प्राप्त करने वाली छात्राओं — महिमा कन्नौजिया, पूर्णिमा राना, कमला भट्ट और प्रेरणा राना — को ट्रॉफी और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने इन छात्राओं की उपलब्धियों पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि वे महाविद्यालय ही नहीं, पूरे जनपद के लिए प्रेरणा हैं।पार्टी में छात्रों ने डीजे की धुनों पर खूब मस्ती की और पूरे कार्यक्रम को यादगार बना दिया। मंच संचालन छात्र हर्षित पोखरिया और फरदीन खान ने शानदार ढंग से किया। इस अवसर पर डॉ. गोपाल सिंह, डॉ. मनोज कुमार जोशी, डॉ. आरती राना, डॉ. नीतू, पंकज सिंह बोहरा, ज्योति राणा, मनोज कुमार, ममता राना, पूनम राणा, प्रगति राणा, काजल वर्मन, रेनु थापा, दुर्गानाथ गोस्वामी, देव राम सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।पूरा कार्यक्रम महाविद्यालय परिवार के सामूहिक प्रयास और विद्यार्थियों के उत्साह से यादगार बन गया, जिसने कॉलेज जीवन की सुनहरी यादों में एक और शानदार अध्याय जोड़ दिया।